रायगढ़ : संवाद से सुलझेंगे विवाद, मीडिएशन फॉर नेशन 3.0 अभियान शुरू

Dinesh Jolhe
2 Min Read

रायगढ़ । विवादों के त्वरित, सौहार्दपूर्ण और कम खर्चीले समाधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देशभर में “मीडिएशन फॉर नेशन 3.0” अभियान शुरू किया गया है। इसी कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ द्वारा अभियान की जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय समाचार पत्रों में प्रचार-प्रसार की अपील की गई है।
माननीय उच्चतम न्यायालय भारत के निर्देशन में शुरू किए गए इस अभियान की अवधि 01 अगस्त 2026 से दिसंबर 2026 तक रहेगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को मध्यस्थता के माध्यम से आपसी विवादों का शीघ्र और कम खर्च में समाधान उपलब्ध कराना है।
मध्यस्थता से विवादों का समाधान
मध्यस्थता एक स्वैच्छिक, गोपनीय और सरल प्रक्रिया है। इसमें प्रशिक्षित मध्यस्थ दोनों पक्षों के बीच बातचीत करवाकर आपसी सहमति से विवाद का समाधान निकालने में मदद करता है। इससे समय और धन दोनों की बचत हो सकती है।
इन मामलों को किया गया शामिल
अभियान के अंतर्गत वैवाहिक विवाद, दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, समझौता योग्य आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद, कर्ज वसूली, व्यवसायिक विवाद, सेवा संबंधी मामले, संपत्ति बंटवारा, बेदखली, भूमि अधिग्रहण, श्रम विवाद सहित अन्य ऐसे दीवानी मामलों को शामिल किया गया है, जिनमें समझौते की संभावना हो।
रायगढ़ सहित कई क्षेत्रों में प्रचार की अपील
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ ने घरघोड़ा, खरसिया, धरमजयगढ़, सहित संबंधित तालुका विधिक सेवा समितियों से अपील की है कि इस प्रेस विज्ञप्ति को अधिक से अधिक स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के समाधान की जानकारी मिल सके।

Dinesh Jolhe
Website |  + posts
Share this Article