सारंगढ़-बिलाईगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की गई है। कलेक्टर द्वारा अभियान के तहत अधिकारियों को जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस पहल का श्रमजीवी पत्रकार संघ, सारंगढ़ ने स्वागत किया है। संघ का कहना है कि शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण है।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर प्रशासन तक पहुंचते हैं। ऐसे में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से यदि शिकायतों का प्रभावी ढंग से निराकरण किया जाता है, तो इससे आम नागरिकों को राहत मिलेगी और प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
पत्रकार संघ ने कलेक्टर की इस पहल को जनहित में स्वागत योग्य कदम बताते हुए कहा कि अभियान का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा गंभीरता से कार्रवाई किया जाना आवश्यक है।
संघ ने उम्मीद जताई कि सेवा संकल्प अभियान जिले में जनसेवा और प्रशासनिक जवाबदेही को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
