दिनेश जोल्हे
सारंगढ़|| गोमर्डा अभ्यारण्य में माह दिसम्बर 2023 से एक नग बाघ देखा गया था। वन विभाग के द्वारा कैगरा ट्रैप लगाकर तथा STPF स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स का गठन कर उक्त बाघ का सतत् निगरानी, लगातार मॉनिटरिंग एवं ट्रैकिंग किया जा रहा था। दिनांक 12 जनवरी 2024 के पश्चात् इसके फूटप्रिंट नहीं मिलने के कारण वन विभाग को हुई शंका के आधार पर विभाग ने अपने मुखबीरों को अलर्ट कर पता साजी चालू कर दिया गया। दिनांक 24.01.2024 को मुखबीरों से प्राप्त सूचना के आधार पर पहले 03 आरोपियों को पकड़ा गया जिनके द्वारा पूछताछ में बताया गया कि जंगली सुअर का शिकार करने के लिए लगाये गये बिजली तार में एक नग बाघ की मृत्यु हो गई है। पकड़े जाने के डर से शिकारियों ने बाघ के शव को नजदीक जंगल में लात नदी के किनारे दफना दिया था। सारंगढ़ वन मंडल की टीम, STPF एवं वन विभाग के डॉग स्कवॉड के द्वारा आरोपियों द्वारा शव को दफनाये गये स्थान का मुआयना कर एक नग बाघ का कंकाल खोज निकाला। साथ ही साथ डॉग स्कवॉड द्वारा आरोपियों के घर में छापामारी की कार्यवाही की गई जिससे शिकार करने में प्रयुक्त बिजली के तार एवं अन्य शिकार संबंधित सामग्री का जब्ती किया गया एवं अन्य 02 आरोपियों को भी पकड़ा गया।
NTCA की स्टैंडर ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) अनुसार शव परीक्षण हेतु पशु चिकित्सकों की समिति का गठन किया जा कर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एवं मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक छ०ग० एवं मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) बिलासपुर, वनमंडलाधिकारी सारंगढ़ बिलाईगढ़, NTCA के नामित प्रतिनिधि, अधीक्षक गोमर्जा अभ्यारण्य सारंगढ़, स्थानीय जन प्रतिनिधियों तथा वन विभाग के अधिकारियो/कर्मचारियों की उपस्थिति में विधिवत शव परीक्षण किया जाकर शव को नियमानुसार जलाया गया। शव परीक्षण के दौरान उक्त बाघ के
सभी अंग सही सलामत पाया गया एवं नमूना सैम्पल जांच हेतु भेजा गया । प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) द्वारा वन्यप्राणियों के संरक्षण हेतु उचित मार्गदर्शन देते हुए उक्त प्रकरण में सख्त कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
जिसमें प्राथमिक जांच के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए वन विभाग द्वारा विद्युत तार के संबंध में लापरवाही बरते गये परिसर रक्षक को निलंबित किया गया तथा संबंधित परिक्षेत्र सहायक और प्रभारी परिक्षेत्राधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। साथ ही साथ संबंधित प्रकरण के पांचों अपराधियों को वन विभाग द्वारा पी.ओ.आर.जारी कर गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है। इस प्रकरण में वन विभाग द्वारा गिरफ्तार किये गये 05 आरोपियो मे सीताराम वल्द विद्याधर सिदार (उम्र 33 वर्ष), रामचरण वल्द जन्मजय बरिहा (उम्र 48 वर्ष), सहदेव वल्द सुवन बरिहा (उम्र 35 वर्ष), बंशीलाल वल्द कैतराम बरिहा (उम्र 63 वर्ष) ग्राम घोराघांटी, जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ के निवासी है तथा धनुराम उर्फ भुनेश्वर साहू वल्द विलाल साहू (उम्र 35 वर्ष) ग्राम सालर, जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ के निवासी है।
