सारंगढ़ तहसील कार्यालय के सामने बदबूदार पानी से जनता परेशान, शुद्ध पेयजल की मांग तेज

Dinesh Jolhe
2 Min Read

सारंगढ़। तहसील कार्यालय परिसर के सामने लगे पानी टंकी से बदबूदार एवं गंदा पानी निकलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस पानी का उपयोग प्रतिदिन तहसील कार्यालय आने वाले आम नागरिक, ग्रामीण एवं आसपास के लोग पीने के लिए करते हैं। टंकी के आसपास गंदगी, कचरा और दूषित पानी जमा होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से पानी टंकी की साफ-सफाई नहीं की गई है, जिसके कारण पानी में दुर्गंध आ रही है। वहीं टंकी के नीचे गंदा पानी बहते रहने से आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है। लोगों ने आशंका जताई है कि इस तरह का पानी पीने से बीमारियां फैल सकती हैं।

इस मामले को अधिवक्ता अनुरोध पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक में उठाते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि तहसील कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर यदि लोगों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है, तो यह गंभीर लापरवाही है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल जांच कर साफ-सफाई एवं शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

जनता ने प्रशासन से मांग की है कि पानी टंकी की नियमित सफाई कराई जाए तथा दूषित पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।

Dinesh Jolhe
Website |  + posts
Share this Article