सारंगढ़। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए होप वेलफेयर फाउंडेशन सारंगढ़ (छत्तीसगढ़) के संस्थापक खिलेश साहू को सम्मानित किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल रामेन डेका के कर-कमलों द्वारा रायपुर स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। यह सम्मान रक्तदान जागरूकता, जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने तथा मानव सेवा के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए दिया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद खिलेश साहू ने भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, अपने सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी निस्वार्थ रक्तदाताओं और समाजसेवियों का है जो मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में निरंतर योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि होप वेलफेयर फाउंडेशन भविष्य में भी रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा मानवता की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
खिलेश साहू ने लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और किसी का जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है।
“रक्तदान – महादान”
आपका एक छोटा-सा प्रयास किसी का जीवन बचा सकता है।
