सारंगढ़। क्षेत्र में फ्लाई ऐश से ओवरलोड वाहनों के संचालन और इससे सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित किए जाने के बाद अब खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने फ्लाई ऐश लोड दो हाईवा वाहनों को जब्त किया है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में फ्लाई ऐश परिवहन करने वाले भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क की स्थिति खराब होने के साथ ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों द्वारा ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग उठाई जा रही थी।
इसी बीच DNI न्यूज़ द्वारा लगातार इस मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो हाईवा को जब्त किया है। विभाग की कार्रवाई के बाद अब यह सवाल भी उठ रहा है कि फ्लाई ऐश परिवहन करने वाले अन्य वाहनों की भी नियमित जांच होगी या नहीं।
ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि फ्लाई ऐश परिवहन में नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए और ओवरलोड वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क की स्थिति सुधरे और आम लोगों व स्कूली बच्चों का आवागमन सुरक्षित हो सके।
