सारंगढ़-बिलाईगढ़।(DNI )जिले में धान खरीदी को लेकर सामने आए कथित दोहरी प्रविष्टि (डबल एंट्री) और करोड़ों रुपये के संभावित घोटाले के मामले में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिकायत की गंभीरता को देखते हुए चार सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच दल का गठन किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ सक्रिय पत्रकार संघ के जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार महिलाने द्वारा धान खरीदी सत्र 2020-21 एवं 2025-26 में बीज निगम और सेवा सहकारी समितियों के बीच कथित रूप से हुए सुनियोजित दोहरी प्रविष्टि घोटाले की शिकायत की गई थी। शिकायत में करोड़ों रुपये के वित्तीय अनियमितताओं की आशंका जताई गई है।
मामले की विस्तृत जांच के लिए गठित टीम में डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार साहू, उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त सहकारिता विभाग कामेश सिंह कश्यप तथा तहसीलदार बरमकेला पुष्पेंद्र कुमार राज को शामिल किया गया है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में जांच दल को शिकायत में उल्लेखित तथ्यों की विस्तृत जांच कर एक सप्ताह के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उठ रहे बड़े सवाल
जांच दल के गठन के बाद अब जिले भर में यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर धान खरीदी व्यवस्था में कथित दोहरी प्रविष्टि कैसे हुई? यदि शिकायत सही पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित व्यक्तियों पर क्या कार्रवाई होगी? वहीं किसानों और आम जनता की निगाहें अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
प्रशासनिक हलकों में मची हलचल
करोड़ों रुपये के संभावित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े इस मामले में जांच दल गठन के आदेश के बाद प्रशासनिक और सहकारी क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है। माना जा रहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
DNI विशेष:
“एक ही खसरे पर दो-दो जगह धान खरीदी का आरोप, अब जांच दल की रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर। क्या सामने आएगा जिले का सबसे बड़ा धान खरीदी घोटाला?”
