वन महोत्सव में 18,450 पौधों के रोपण का हुआ शुभारंभ

Dinesh Jolhe
3 Min Read

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया पौधारोपण

खरसिया। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए वन परिक्षेत्र खरसिया अंतर्गत परिक्षेत्र सोनबरसा के ग्राम भैंनापारा में वन विभाग द्वारा वृहद स्तर पर वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत कैंपा मद योजना अंतर्गत कक्ष क्रमांक 1194 पीएफ की 18.45 हेक्टेयर वन भूमि में 18,450 मिश्रित प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा। इनमें कचनार, सागौन, जामुन, आम एवं खम्हार जैसी प्रजातियां शामिल हैं।

वन परिक्षेत्राधिकारी श्रीमती लीला पटेल ने बताया कि कैंपा मद योजना के अंतर्गत खरसिया विकासखंड के सोनबरसा, भैंनापारा एवं गीधा क्षेत्र की 18.45 हेक्टेयर वन भूमि का चयन वृक्षारोपण के लिए किया गया है। शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 18,450 पौधों का रोपण किया जाएगा, जिनकी सुरक्षा एवं देखरेख अगले 10 वर्षों तक वन विभाग द्वारा की जाएगी। इसके लिए फेंसिंग, सिंचाई एवं सुरक्षा गार्ड की समुचित व्यवस्था भी की गई है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अपने नाम की पट्टिका के साथ पौधारोपण कर उनकी देखभाल करने तथा उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि जनपद उपाध्यक्ष डॉ. हितेश गवेल ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से पौधों की नियमित देखभाल कर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य बलदेव कुर्रे ने कहा कि शासन की यह महत्वाकांक्षी योजना क्षेत्र को हराभरा बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने पौधों की सुरक्षा में वन विभाग के साथ ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य प्रतिनिधि लक्ष्मी पटेल, सरपंच अनहित भैंनाजी, शुकवारीन सिदार, मोती महंत, योगेंद्र सिंह पांडे, ओमप्रकाश राठौर, शिवचरण महिष, रिंकू महंत, सुरेश चौहान, प्रियंका चौहान, मनोज कुमारी, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं, ग्रामवासी तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।

Dinesh Jolhe
Website |  + posts
Share this Article