तेजस वर्कशॉप में स्टार्टअप और उद्यमिता को मिला बढ़ावा, डिक्की की कार्यशैली की हुई सराहना

Dinesh Jolhe
2 Min Read


सारंगढ़-बिलाईगढ़। उद्योग विभाग एवं स्टार्टअप विभाग रायपुर के तत्वावधान में जगदम्बा फनवर्ल्ड, टिमरलगा में तेजस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के अनेक उद्यमियों तथा बिहान महिला स्व-सहायता समूह की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में रायपुर से आए स्टार्टअप प्रतिनिधियों ने उपस्थित प्रतिभागियों को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न स्टार्टअप योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों तथा नवाचार आधारित उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक प्रदान कीं। उन्होंने युवाओं और महिला उद्यमियों को स्टार्टअप के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिले की कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए ऐसे कार्यक्रमों को उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में डिक्की (DICCI) का प्रतिनिधित्व करते हुए जिले के सफल उद्यमी एवं मार्गदर्शक श्री जीवन रात्रे ने कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू से डिक्की की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों तथा उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने डिक्की की कार्यशैली की सराहना करते हुए जिले में आयोजित होने वाले डिक्की के कार्यक्रमों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग देने की सहमति व्यक्त की।

इस दौरान रायपुर से आए स्टार्टअप प्रतिनिधियों को भी डिक्की की गतिविधियों एवं कार्यशैली की विस्तृत जानकारी दी गई। डिक्की द्वारा उद्यमियों को जोड़ने, मार्गदर्शन देने और उन्हें आगे बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी प्राप्त कर प्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा भविष्य में समन्वय के साथ कार्य करने की इच्छा जताई।

कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में उद्यमिता, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा विभिन्न संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

Dinesh Jolhe
Website |  + posts
Share this Article