सारंगढ़। ग्राम पंचायत धौराभाठा के आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों और हितग्राहियों को दी गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ बालक-स्वस्थ मन, गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन मुख्य अतिथि की उपस्थिति में किया गया। वहीं बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें लोक नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला, कुर्सी दौड़ और खुशी दौड़ प्रमुख रहे।

महिलाओं के लिए मेहंदी कार्यक्रम भी रखा गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दूधाधारी कोरिया की ओर से बच्चों को कॉपी और पेन वितरित किए गए। वहीं मुख्य अतिथि द्वारा भी बच्चों को पेन एवं नगद राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को राशि के सही उपयोग को लेकर जानकारी दी गई। हितग्राहियों ने योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी साहू, जिला महामंत्री महिला मोर्चा, जनपद सदस्य सुनीति साहू, महिला मोर्चा भटगांव की अंजू भागवत, जनपद सदस्य, महिला मोर्चा मंडल सरसीवा, ग्राम पंचायत धौराभाठा की सरपंच धनबाई साहू, पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक, ग्रामीण महिला-पुरुष, कार्यकर्ता और सहायिकाएं मौजूद रहीं।
महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक विद्यावती बंजारे ने विभागीय योजनाओं, स्वच्छता और स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी दी। वहीं सुनीता पटेल ने बाल विकास, बाल विवाह की रोकथाम, सही उम्र में विवाह और पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी लोगों को दी।
कार्यक्रम में बच्चों और महिलाओं के लिए कई तरह की गतिविधियां आयोजित की गईं और सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में पोषण के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूक रहने की अपील की।
इस तरह सेवा संकल्प आंगन मिलन कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और बाल विकास के प्रति जागरूक किया गया।
