सारंगढ़ में बाबा साहब की जयंती धूमधाम से मनाई, नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन ने दी श्रद्धांजलि

Dinesh Jolhe
1 Min Read

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन, सारंगढ़ इकाई द्वारा आज 14 अप्रैल को भारत रत्न की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर चौक में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई और उन्हें सादर नमन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने बाबा साहब के विचारों को याद करते हुए आमजनों को उनके आदर्शों और सिद्धांतों से अवगत कराया। साथ ही प्रसाद वितरण कर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया गया।

प्रदेश सह सचिव हेमंती भारती ने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया और उनका प्रसिद्ध संदेश — “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” आज भी हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने न केवल देश को संविधान दिया, बल्कि समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों पर आधारित एक सशक्त राष्ट्र की नींव भी रखी।

इस अवसर पर जिला प्रभारी बद्रीश सुखदेवे, जिला अध्यक्ष पाणिमा निराला, कार्यकारिणी अध्यक्ष हेमेश्वरी बंजारे, विधिक सलाहकार भरत चंद्रा, रबिता भारद्वाज, गायत्री श्रीवास सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

(DNI न्यूज)

Dinesh Jolhe
Website |  + posts
Share this Article