सारंगढ़। जिले के उपसंचालक कृषि कार्यालय में एक पत्रकार के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक किसान के साथ पीएम किसान योजना की जानकारी लेने पहुंचे पत्रकार के साथ ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (REO) ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी।
बताया जा रहा है कि यह घटना कार्यालय परिसर के अंदर ही हुई, जहां उपसंचालक सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्रकार द्वारा योजना से संबंधित जानकारी पूछे जाने पर REO गुस्से में आ गया और विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया।
घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने तत्काल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। खास बात यह है कि पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिससे मामले की सच्चाई सामने आने की संभावना बढ़ गई है।
पीड़ित पक्ष ने दोषी अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
खबर लिखे जाने तक पीड़ित द्वारा लिखित आवेदन थाने में दिया जा चुका था। हालांकि ये बात भी सूत्रों से छनकर सामने आ रही है कि दोनों पक्षों से अपनी अपनी शिकायत कॉपी थाने में दिए जाने की जानकारी प्राप्त हो रहा है।
(DNI News)
